संघ की शाखा मनुष्य निर्माण की कार्यशाला : अजित महापात्रा
अखिल भारतीय सह-गोसेवा प्रमुख अजित महापात्रा ने कहा कि संघ का उद्देश्य व्यक्तित्व निर्माण कर राष्ट्र को परम वैभव पर ले जाना है। संघ की शाखा मनुष्य निर्माण की कार्यशाला है। शाखाओं के माध्यम से संघ राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करता है। संघ के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए स्वयंसेवकों को प्रामाणिकता और तत्परता से कार्य करना होगा।
अजित महापात्रा रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ महानगर के स्वयंसेवक एकत्रीकरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। यह कार्यक्रम महाराणा प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि नियमित शाखा में हिस्सा लेने से स्वयंसेवक साधारण से असाधारण बन जाते हैं। उनके अंदर स्वत: ही असाधारण क्षमता विकसित हो जाती है। उन्होंने कहा डॉ. हेडगेवार ने संपूर्ण समाज को राष्ट्रीय दृष्टि से जागृत और सक्रिय करते हुए संगठित करने के लिए राष्ट्रीय स्वयं संघ की स्थापना की। डॉ. हेडगेवार महान देशभक्त और श्रेष्ठ संगठक थे। ब्रिटिश सम्राज्य के विरुद्ध उनके मन में कितनी चिढ़ थी, यह उनके बचपन से जुड़े कई प्रसंगों में दिखता है। अजित महापात्रा ने बताया कि संघ की प्रेरणा से चलने वाले अनेक संगठनों में समाज के लिए लोगों को सक्रिय करने का कार्य सतत चल रहा है। इसका सकारात्मक परिणाम भी देखने को मिल रहा है। इस दौरान विभाग संघचालक डॉ. महेंद्र अग्रवाल, गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक सुभाष, सह प्रांत प्रचारक रमेश, प्रांत प्रचार प्रमुख उपेंद्र द्विवेदी, प्रांत कार्यवाह प्रो. सजीत गुप्ता, आत्मा सिंह, उमेश सहित 700 से अधिक स्वयंसेवक शामिल हुए। कार्यक्रम में संघ की शाखा लगाई गई। शाखा में स्वयंसेवकों ने योग व्यायाम प्रस्तुत किया। सामूहिक योग व्यायाम के दौरान अनुशासन और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता का समायोजन आकर्षित कर रहा था। सभी स्वयंसेवकों ने पूरे लय के साथ योग व्यायाम किया।